uncategorized

Makar Sankranti: घर पर बनाएं तिल्ली की गजक, आसान है रेसिपी

त्यौहार पर इसे बनाने का होता है विशेष महत्व

डिजिटल डेस्क। सनातन धर्म में मकर संक्रान्ति के त्यौहार का विशेष महत्व है। यह त्योहार हर साल जनवरी माह के चौदहवें या पन्द्रहवें दिन ही पड़ता है। मान्यता के अनुसार इस दिन सूर्य धनु राशि को छोड़ मकर राशि में प्रवेश करता है। मकर संक्रान्ति के दिन से ही सूर्य की उत्तरायण गति भी प्रारम्भ होती है। इसलिये इस पर्व को कहीं-कहीं उत्तरायणी भी कहते हैं। हालाँकि मकर संक्रांति अलग-अलग राज्यों, शहरों और गांवों में वहां की परंपराओं के अनुसार मनाया जाता है। इस दिन खिचड़ी का भोग लगाया जाता है। गुड़–तिल, रेवड़ी, गजक का प्रसाद बाँटा जाता है। ये ही वजह है कि बाजार में इन दिनों गजक, तिल के लड्डू जैसी चीजें आ जाती हैं। वैसे तिल्ली की गजक घर पर भी बनाई जा सकती है। इसे बनाना बहुत ही आसान है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में…

गजक बनाने के लिए आपको चाहिए

सफेद तिल- 200 ग्राम
गुड़- 300 ग्राम
बादाम (कटे हुए)- 15-16
काजू (कटे हुए)- 15-16
इलायची (पीसी हुई)- 2-3
घी- 3 चम्मच

गजक बनाने की विधि
सबसे पहले एक कड़ाही में तिल को अच्छी तरह भून लें। तिल जब भुनने लगेगा तो उसमें हल्की सी खुशबू आने लगती है। अब तिल को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें। अब कड़ाही में घी और गुड़ डालकर स्लो फ्लेम पर पकाएं। अब तिल को मिक्सी में दरदरा पीस लें। गजक बनाने के लिए एक गहरी प्लेट में घी लगाकर चिकना कर लें।

अब गुड़ की चाशनी में इलायची पाउडर और तिल मिलाकर मिक्स कर लें। अब गैस बंद कर दें और प्लेट में डालकर इस मिश्रण को फैला दें। अब इसपर कटे हुए मेवे लगा दें और गजक को थोड़ा हाथ से सेट करके बेलन से बेलकर फैला दें।

करीब 10 मिनट बाद आप चाकू से गजक को मनचाही शेप में काट लें। 30 मिनट तक गजक को सेट करने के लिए छोड़ दें। गजक तैयार है। आप किसी एयरटाइट डब्बे में इसे बंद करके रख लें। लंबे समय तक खुद भी खाएं और मेहमानों को भी खिलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *